कालकाजी मंदिर हत्याकांड: सेवादार योगेंद्र सिंह की मौत, 5 आरोपी गिरफ्तार
AAP ने CM रेखा गुप्ता से इस्तीफा मांगा

दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर में सेवादार योगेंद्र सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार शाम चार आरोपियों मोहन उर्फ भूरा (19), कुलदीप बिधुरी (20), अनिल कुमार (55) और उसके बेटे नितिन पांडे (26) को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले दक्षिणपुरी निवासी और मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले अतुल पांडे को पकड़ा गया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना 29 अगस्त की शाम प्रसाद को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी। CCTV फुटेज में आरोपियों को योगेंद्र सिंह को लाठियों से पीटते और जमीन पर गिराकर हमला करते हुए देखा गया। इस हमले में गंभीर चोटों से उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद राजनीति भी गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस्तीफा मांगा है। AAP नेता और विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने सीएम को लेटर लिखकर कहा कि दिल्लीवासी अब घर, बाजार और धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है और बीजेपी की 4 इंजन वाली सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। आतिशी ने सोशल मीडिया X पर भी मुख्यमंत्री से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटना को दिल्ली की कानून-व्यवस्था की नाकामी बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अपराधियों को मंदिर में हत्या करते वक्त डर क्यों नहीं लगा। वहीं, AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिस जनता को डराने में लगी है जबकि अपराधियों को किसी का भय नहीं है। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलने का समय भी मांगा है।







