बांधवगढ़ में कबीर मेला शुरू, 5000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे

मध्य प्रदेश के उमरिया स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हर वर्ष अगहन पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला कबीर मेला इस वर्ष भी श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह के साथ शुरू हो गया है। ताला से बांधवगढ़ की ओर दर्शनार्थियों का पैदल मार्च सुबह से जारी है। करीब 15 किलोमीटर लंबा रास्ता तय कर श्रद्धालु कबीर गुफा और कबीर चबूतरा पहुंच रहे हैं।

इस वार्षिक आयोजन में मध्य प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और देश के विभिन्न हिस्सों से कबीरपंथी और अन्य श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। पार्क प्रबंधन ने मेले की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं, जिससे आयोजन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

एनजीटी के निर्देशों का पालन करते हुए इस बार कबीर गुफा के दर्शन के लिए सभी श्रद्धालुओं का पंजीकरण ऑनलाइन किया गया। सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन सत्यापित किए गए और टोकन जारी किए गए। इसके बाद 7:30 बजे से 10:30 बजे तक प्रवेश दिया गया। सभी दर्शक शाम 3:30 बजे तक मेन गेट ताला तक लौटने के लिए बाध्य होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए पार्क प्रबंधन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि यात्रा के दौरान वे पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाएं। दर्शनार्थियों से नियमों का पालन करने, सतर्क रहने और पूरे क्षेत्र को पॉलीथिन मुक्त रखने की अपील की गई है।

बांधवगढ़ के कोर क्षेत्र में आयोजित यह पारंपरिक मेला धार्मिक आस्था, प्राकृतिक संरक्षण और संस्कृति का संगम प्रस्तुत करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button