पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड: पीडब्ल्यूडी के पांच अधिकारी गिरफ्तार, सड़क निर्माण की गड़बड़ी में शामिल

 बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सड़क निर्माण में अनियमितताओं को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। गंगालूर-मितलूर सड़क निर्माण में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें दो रिटायर्ड कार्यपालन अभियंता (ईई), एक कार्यरत ईई, एक एसडीओ और एक सब इंजीनियर शामिल हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने की है।

यह मामला पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या से जुड़ा हुआ है। पत्रकार चंद्राकर ने घटिया सड़क निर्माण की खबर उजागर की थी, जिसके बाद 1 जनवरी को वह रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए। बाद में उनका शव ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के घर में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। पुलिस ने इस हत्याकांड में सुरेश चंद्राकर, उसके दो भाई रितेश और दिनेश चंद्राकर तथा एक सुपरवाइज़र महेंद्र रामटेके को गिरफ्तार किया था।

मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने जब सड़क निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, तो उसमें विभागीय अधिकारियों की भूमिका सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित अफसरों को गिरफ्तार कर लिया। नेलसनार-कोड़ोली-मिरतुर-गंगालूर सड़क का निर्माण 2010 में 73.08 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत हुआ था। पत्रकार मुकेश ने इस परियोजना में भारी भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की रिपोर्टिंग की थी। अब इस पूरे मामले में सरकारी अफसरों की संलिप्तता सामने आने के बाद जांच और तेज हो गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button