Breaking News:भिलाई में पीलिया का कहर: गौतम नगर में 9 मरीज मिले, 22 लोगों में लक्षण

Breaking News:दुर्ग। भिलाई नगर निगम के वार्ड 42 गौतम नगर में पीलिया का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां अब तक 9 मरीजों में पीलिया की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 22 अन्य लोगों में इसके लक्षण पाए गए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम इलाके में सर्वे कर रही है और घर-घर जाकर जांच की जा रही है।

दूषित पानी बना बीमारी की वजह

स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में सामने आया है कि वार्ड में दूषित पेयजल के कारण पीलिया फैल रहा है। कई घरों में एक से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। एक मरीज की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले भी हो चुका है संक्रमण

यह पहला मौका नहीं है जब गौतम नगर में जलजनित बीमारी का प्रकोप फैला हो। इलाके के पार्षद विनोद सिंह के अनुसार, इससे पहले भी यहां डायरिया का प्रकोप देखने को मिला था, जिसमें कई लोग बीमार हुए थे और कुछ को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अब फिर से दूषित पानी के कारण पीलिया का संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

नगर निगम ने किया अलर्ट जारी

स्थिति को देखते हुए भिलाई नगर निगम ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलकर पानी की जांच कर रही है और पीड़ित परिवारों को जरूरी उपचार और दवाइयां दी जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से साफ और उबला हुआ पानी पीने की अपील की है, ताकि संक्रमण को रोका जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि यदि किसी को थकान, आंखों और त्वचा में पीलापन, पेट में दर्द या उल्टी जैसी परेशानी हो रही है, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं। साथ ही, घरों में साफ-सफाई का ध्यान रखें और दूषित पानी से बचें।

नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन जल्द ही दूषित जल की समस्या का समाधान करने का दावा कर रहा है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button