त्योहारों को लेकर जशपुर प्रशासन सतर्क: शांति समिति बैठक में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा

जशपुर जिला प्रशासन ने होलिका दहन, होली और ईद-उल-फितर पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्वों के दौरान जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध रहे। रेड क्रॉस सोसाइटी को भी आपातकालीन स्थिति के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्यटन स्थलों, नदी-झरनों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यकतानुसार गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाएगी।
नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, सड़क पर हुड़दंग या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हेलमेट जांच अभियान जारी रहेगा। व्यापारियों को सड़क किनारे दुकानें न लगाने की हिदायत दी गई है, ताकि जाम की स्थिति न बने।
बैठक में नगर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और आम नागरिकों ने भी भाग लिया। सभी ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन देते हुए पर्वों को आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचित करने की अपील की है।





