रायपुर में ‘जय भीम पदयात्रा’ का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने बाबा साहब को नमन किया

रायपुर। भारत के संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आज रायपुर में ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तेलीबांधा तालाब से इस पदयात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं युवाओं के साथ पदयात्रा में शामिल हुए और यात्रा के अंतिम पड़ाव पर अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान युवाओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और संविधान की मूल भावना के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने प्रीएंबल वाल पर हस्ताक्षर भी किए।

बाबा साहब की दूरदर्शिता को बताया लोकतंत्र की नींव

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा साहब की दूरदर्शिता के कारण ही आज भारत जैसे विशाल लोकतंत्र की नींव मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारत को एक समावेशी और शक्तिशाली संविधान दिया, जिससे देश का लोकतंत्र सशक्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बाबा साहब से जुड़ी पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, जिससे नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिल सके।

युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भी डॉ. अंबेडकर के जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है।

‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा किया गया था।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button