जबलपुर में हवा बेहद खराब, एक्यूआई 250 पार होने से बढ़ी सेहत की चिंता

जबलपुर। शहर में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 के पार पहुंचने से लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर उड़ते धूल के गुबार, अनियोजित निर्माण कार्य और ठंड के मौसम में जलाए जा रहे अलाव शहर की हवा को और जहरीला बना रहे हैं।

शहर में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए चार स्थानों पर रियल टाइम मॉनिटर लगाए गए हैं। इनसे प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अलग-अलग इलाकों में एक्यूआई 233 से 291 के बीच दर्ज किया जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक है। इसका असर सबसे ज्यादा श्वास रोगियों पर पड़ रहा है और अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहे निर्माण कार्य शामिल हैं। सड़क खोदाई के दौरान ग्रीन नेट का इस्तेमाल न होने से ललपुर, रामपुर, गणेश मंदिर, कांचघर, रांझी सहित कई इलाकों में धूल-मिट्टी के गुबार उड़ रहे हैं। इसके अलावा पुराने और अनफिट वाहन भी मानकों से अधिक धुआं छोड़कर हवा को खराब कर रहे हैं।

नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर जलाए जा रहे अलाव भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर रहे हैं। लकड़ी के धुएं से प्रदूषण का स्तर और बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि शहर में चलने वाले करीब 17 से 20 प्रतिशत वाहन तय मानकों से अधिक धुआं छोड़ रहे हैं, जिनमें कई पुराने और बिना फिटनेस वाले वाहन शामिल हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार हवा में पीएम-10 और पीएम-2.5 जैसे सूक्ष्म कणों की मात्रा सामान्य से काफी अधिक हो गई है। ये कण फेफड़ों में सूजन, सांस फूलने, खांसी और अस्थमा जैसी बीमारियों को बढ़ाते हैं। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से श्वास रोगियों के लिए अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है।

नगर निगम का कहना है कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर डीप फोगर मशीनें चलाई जा रही हैं और सड़कों की जेट प्रेशर से धुलाई की जा रही है। साथ ही निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने के निर्देश दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और मास्क का उपयोग करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई