छिंदवाड़ा के अस्पताल पर मानव अंग तस्करी के आरोप, जांच के आदेश जारी

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्थित लायंस आई हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर मानव अंग तस्करी और गैर-पंजीकृत प्रत्यारोपण जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। यह शिकायत भारत सरकार के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को भेजी गई थी, जिसके बाद प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अस्पताल के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

परासिया निवासी रिंकू रितेश चौरसिया ने मंत्रालय को भेजी गई शिकायत में अस्पताल पर मानव अंग तस्करी, फर्जी प्रत्यारोपण और आर्थिक गड़बड़ी जैसे आरोप लगाए थे। मंत्रालय से प्राप्त पत्र के बाद राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव सीमा डहेरिया ने संभाग आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम 1994 और अन्य संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और जांच रिपोर्ट तत्काल विभाग को सौंपी जाए।

अस्पताल पर पहले से ही राष्ट्रीय अंधत्व निवारण मिशन के तहत फर्जी बिल लगाकर करोड़ों रुपये की सरकारी राशि की उगाही करने के आरोप हैं। करीब छह महीने पहले हुई जांच में खुलासा हुआ था कि पिछले पांच वर्षों में हुए 17,958 ऑपरेशनों में से केवल 23 प्रतिशत ही सही पाए गए। इस घोटाले के बाद कलेक्टर के आदेश पर अस्पताल संचालक समेत सात लोगों के खिलाफ परासिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

अब नए आरोपों ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। प्रशासन ने जांच टीम गठित कर ली है और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि मानव अंग तस्करी के प्रमाण मिलते हैं, तो अस्पताल का पंजीयन रद्द कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की है, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और चिकित्सा संस्थानों की विश्वसनीयता बनी रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई