गौहत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, गौसेवा समिति ने सौंपा ज्ञापन

मुंगेली। मुंगेली जिले के ग्राम पंचायत भस्करा में हुई गौहत्या की घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गौसेवा समिति के सदस्यों ने डिंडोरी चौक पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
गौसेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि 2 जनवरी को लोरमी विकासखंड के ग्राम भस्करा में एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिला था। इस हृदयविदारक घटना की सूचना उसी दिन पुलिस को दी गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

समिति ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गौवंश से जुड़ी इस तरह की घटनाएं न केवल निंदनीय हैं, बल्कि समाज की धार्मिक भावनाओं को भी आहत करती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की जल्द निष्पक्ष जांच कराई जाए और घटना में शामिल लोगों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
गौसेवा समिति ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





