लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण, मरीजों के लिए सुविधाएं सुधारने के निर्देश

लखनपुर। विधायक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू, विधायक प्रतिनिधि कृष्णा कुमार शर्मा, राकेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, सिद्धांत अग्रवाल और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कई खामियाँ पाई गईं, जिन्हें जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य केंद्र की कमियाँ:
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले एक्स-रे फिल्म की भारी कमी पाई गई, जिसके कारण मरीजों को रिपोर्ट मिलने में देरी हो रही थी। इसके लिए तुरंत आदेश दिया गया कि मरीजों को एक्स-रे रिपोर्ट समय पर दी जाए।
प्रसूति वार्ड में छत की हालत भी खराब पाई गई, जहाँ प्लास्टर और छड़ें नजर आ रही थीं। इसे जल्द से जल्द मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। वहीं, प्रसूति गृह में बच्चों को रखने वाली टेबल पर यूबी (UB) रेज में भी सुधार की आवश्यकता पाई गई।
इसके अलावा, प्रसूति और बच्चों के डॉक्टर की कमी को भी गंभीरता से लिया गया। बीएमओ (BMO) ने इस मांग को सीएमओ (CMO) तक पहुँचाया और सहयोग माँगा। बच्चों के डॉक्टर की अनुपलब्धता के कारण क्षेत्र के बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर भी चिंता जताई गई। इमरजेंसी में मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर तुरंत उपलब्ध हो, इसके लिए भी निर्देश दिए गए। सर्जन की कमी को भी गंभीरता से लिया गया और सर्जन की नियुक्ति की मांग की गई।
पैथोलॉजी में भी भारी कमी पाई गई। वहाँ केवल एचबी % (HB %) का टेस्ट किया जाता है क्योंकि सीबीसी (CBC) मशीन काम नहीं कर रही है। तुरंत सीबीसी मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा, लांट सोलर की मरम्मत और मेंटेनेंस की भी जरूरत बताई गई।
प्राइवेट क्लीनिक जाने पर रोक:
निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि ड्यूटी के समय कोई भी चिकित्सक अपने निजी क्लीनिक में नहीं जाएगा। अस्पताल के निर्धारित समय में मरीजों का इलाज पूरी जिम्मेदारी के साथ करना होगा।
विधायक प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने नए सीएचसी भवन के निर्माण का जायजा लिया और सीजीएमएससी (CGMSC) के अधिकारियों से तेजी और गुणवत्ता के साथ निर्माण करने की बात कही।
विधायक राजेश अग्रवाल ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला और प्रदेश स्तर पर एक विशेष टीम बनाई है, जो हर मरीज को उचित सुविधा देने के लिए काम कर रही है। आने वाले एक महीने में एम्बुलेंस सुविधा, पैथोलॉजी की संपूर्ण जाँच और प्रसूति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की योजना बनाई गई है।





