भिलाई में दिव्यांगों के लिए नई पहल, विधायक रिशकेश सेन दिलाएंगे निजी क्षेत्र में नौकरी

भिलाई। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विधायक रिशकेश सेन ने एक नई पहल की शुरुआत की है। 12 दिसंबर से विधायक कार्यालय में एक विशेष व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसके तहत दिव्यांग व्यक्तियों को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने में सीधे सहायता की जाएगी।
विधायक सेन ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए आज के समय में घर बैठे काम करने वाले अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। खास तौर पर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा एंट्री, साइबर सिक्योरिटी, लेखन और अनुवाद जैसे क्षेत्रों में अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अब दिव्यांगजनों के परिवारों को नौकरी की चिंता करने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि विधायक कार्यालय खुद इस दिशा में पहल करेगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक दिव्यांगजन जीरो रोड, शांति नगर, जैन मंदिर के सामने स्थित विधायक कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। यहां से उन्हें निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने के लिए सामाजिक सहयोग से व्यवस्था की जाएगी।
विधायक सेन ने कहा कि रोजगार सिर्फ कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि यह सम्मान, आत्मविश्वास और समाज से जुड़ाव का माध्यम भी है। इससे दिव्यांगजन अपने पैरों पर खड़े होकर समाज में सकारात्मक योगदान दे सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को मजबूत बनाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ाना है।





