QR कोड से MGNREGA की जानकारी: पंचायत विभाग को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल नवाचार और पारदर्शी शासन की दिशा में बेहतर काम करने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार MGNREGA से जुड़ी जानकारी को QR कोड के जरिए आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने की पहल के लिए दिया गया।
नया रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महात्मा गांधी नरेगा आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा को यह पुरस्कार प्रदान किया। विभाग की इस पहल से अब प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में MGNREGA की जानकारी सीधे लोगों के मोबाइल तक पहुंच रही है।
QR कोड स्कैन करते ही मजदूरी भुगतान की स्थिति, स्वीकृत कार्य, चल रहे कामों की प्रगति सहित MGNREGA से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां मिल रही हैं। इससे ग्रामीणों को सही और प्रमाणिक जानकारी मिल रही है और योजनाओं में पारदर्शिता भी बढ़ी है।
1 सितंबर से शुरू हुई इस व्यवस्था को गांवों में अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब तक 4.25 लाख से ज्यादा बार QR कोड स्कैन किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली से शिकायतों में कमी आई है और लोगों के बीच भ्रम भी कम हुआ है।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह पहल सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम है। डिजिटल माध्यम से योजनाओं को लोगों के करीब लाने का यह मॉडल आगे अन्य योजनाओं में भी अपनाया जा सकता है।





