भारत की पाकिस्तान के खिलाफ एक और कार्रवाई, OTT पर भी पाकिस्तान कंटेट पर लगाई रोक

नई दिल्ली। आतंकी ठिकानों पर भारत की एयरस्ट्राइक के बाद जब पाकिस्तान की तरफ से भारत के शहरों को टारगेट किया गया तो भारत ने उसे भी सबक सिखा दिया। बताया गया है कि भारत ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम HQ-9 को तबाह कर दिया है। ये काम भारत के सबसे मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 ने किया है। इस बीच भारत सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सभी OTT प्लेटफॉर्म्स, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया है कि वे पाकिस्तानी वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य कंटेंट को तुरंत बंद करें। यह निर्देश सब्सक्रिप्शन वाले और फ्री दोनों तरह के कंटेंट पर लागू होगा।
मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा है, “राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और बिचौलियों को ये सलाह दी जाती है कि वो पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग मीडिया कंटेंट, जो सब्सक्रिप्शन या किसी और तरह से मौजूद हैं, उन पर तुरंत रोक लगा दें।”
एडवाइजरी में सरकार ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया है। इसमें कहा गया है कि भारत में हुए कई आतंकी हमलों में पाकिस्तान की सरकार और गैर सरकारी तत्वों के हाथ होने के लिंक मिले हैं। हाल ही में 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने हमला किया जिसमें कई एक नेपाली नागरिक समेत कई भारतीय की हत्या कर दी गई। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए।





