‘AI शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत एकदम सही स्थान’; UN प्रमुख ने की अर्थव्यवस्था की तारीफ

दिल्ली। Antonio Guterres ने भारत को उभरती हुई बेहद सफल अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत एकदम उपयुक्त स्थान है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भी उसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
United Nations महासचिव ने एक साक्षात्कार में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का लाभ पूरी दुनिया तक पहुंचना चाहिए, न कि केवल विकसित देशों या दो बड़ी महाशक्तियों तक सीमित रहना चाहिए। उनका संकेत अमेरिका और चीन की ओर था। उन्होंने जोर देकर कहा कि AI को मानवता के हित में एक सार्वभौमिक उपकरण के रूप में विकसित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने भारत को इस वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन AI के अवसरों और संभावित जोखिमों पर व्यापक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह उच्चस्तरीय कार्यक्रम वैश्विक दक्षिण का पहला बड़ा AI सम्मेलन है, जो “लोग, ग्रह और प्रगति” जैसे तीन प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित है।
गुटेरस ने भारत की वैश्विक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच हालिया व्यापार सहयोग उभरती अर्थव्यवस्थाओं की बढ़ती ताकत का अच्छा उदाहरण है। उन्होंने भारत की विविध संस्कृति की प्रशंसा करते हुए यहां आने को हमेशा अद्भुत अनुभव बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि अपनी भारत यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा को लेकर उत्साहित हैं।





