तमिलनाडु में पत्नी की हत्या कर शव के साथ सेल्फी,कोयंबटूर में दिल दहला देने वाली वारदात

दिल्ली। तमिलनाडु के कोयंबटूर के तिरुनेलवेली इलाके से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। यहां एक व्यक्ति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी लाश के साथ सेल्फी ली और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर पोस्ट कर दिया। आरोपी की पहचान बालामुरुगन के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम श्रीप्रिया बताया गया है। वारदात के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना रविवार दोपहर की है, जब बालामुरुगन अपनी पत्नी से मिलने उसके हॉस्टल पहुंचा। दोनों पिछले कुछ समय से अलग रह रहे थे और संबंधों में तनाव बढ़ गया था। पुलिस जांच के अनुसार, बालामुरुगन अपने कपड़ों में एक तेज धार वाली दरांती छिपाकर लाया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी, और क्रोध में आकर आरोपी ने दरांती से कई वार कर दिए, जिससे श्रीप्रिया की मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद बालामुरुगन शव के पास बैठा रहा, उसने मृत पत्नी के साथ सेल्फी ली और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया। कैप्शन में उसने लिखा—“श्रीप्रिया ने मुझे धोखा दिया था।” यह पोस्ट वायरल होते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हॉस्टल के स्टाफ और आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही पुलिस को बुलाया, जिसके बाद आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी पर बेवफाई का शक करता था और इसी शक ने इस हत्या को अंजाम दिया। घटना के बाद राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर तंज कसते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी बताया है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





