दुर्ग: अवैध आरा मिल पर वन विभाग की कार्रवाई, 15 लाख की लकड़ी और मशीन जब्त

दुर्ग। पाटन के गुढ़ियारी इलाके में वन विभाग ने एक अवैध आरा मिल पर बड़ी कार्रवाई की है। यहां से करीब 10 लाख रुपये की लकड़ी और 5 लाख रुपये की मशीनें जब्त की गई हैं।
डीएफओ दीपेश कपिल ने बताया कि तीन दिन पहले उन्हें अवैध आरा मिल की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान आरा मिल में लकड़ी काटने की मशीनें और बड़ी मात्रा में लकड़ियाँ मिलीं।
मिल का संचालन राजा तिवारी नाम का व्यक्ति कर रहा था, जिसने बताया कि उसने यह जमीन अजय तिवारी से किराए पर ली है। पूछताछ में राजा तिवारी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिससे यह साबित हो सके कि मिल वैध रूप से चल रही थी।
इसके बाद विभाग ने तीन दिन तक कार्रवाई चलाकर जेसीबी से लकड़ियाँ जब्त कीं और मशीनों को उखाड़कर डिपो में रखवाया। जांच में यह भी पता चला कि यह आरा मिल पिछले दो सालों से बिना अनुमति के चल रही थी। अब मिल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने साफ किया है कि अवैध रूप से चल रहे ऐसे कारोबारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





