वन मंत्री के गृह ग्राम में धड़ल्ले से रेत का अवैध उत्खनन, कांग्रेस नेता ने कश्यप परिवार पर लगाया तस्करी कराने का आरोप

कांग्रेस नेता चंदन कश्यप बोले पूर्व सांसद की पत्नी के नाम जेसीबी जिससे हो रहा रेता उत्खनन

बस्तर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के गृह ग्राम बड़े आमाबाल स्थित नारंगी नदी इन दिनों रेत तस्करों के लिए सुगम स्थल बन चुकी है। यहां पर बिना किसी अनुमति के धड़ल्ले से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से यह काम लगातार चल रहा है, लेकिन न तो ग्राम पंचायत ने इसकी मंजूरी दी है और न ही जिला प्रशासन ने किसी तरह की लीज जारी की है।

पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने वन मंत्री पर सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि खुद केदार कश्यप के संरक्षण में यह अवैध उत्खनन हो रहा है। पूर्व विधायक के अनुसार जिन गाड़ियों को रेत घाट पर अवैध रूप से रेत निकालते हुए उन्होंने पकड़ा, वो गाड़ियां वेदवती कयश्प के नाम है। वेदवती कश्यप पूर्व सांसद दिनेश कश्यप की पत्नी और मंत्री केदार कश्यप की भाभी है। पूर्व विधायक चंदन कश्यप के अनुसार उन्होंने  बस्तर कलेक्टर, एसडीएम और खनिज अधिकारी को मौके की सूचना देने के बावजूद दो घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ है कि प्रशासन भी मंत्री के प्रभाव में आकर निष्क्रिय बना हुआ है।

मंत्री के परिजनों की संलिप्तता का दावा

चंदन कश्यप ने यह भी खुलासा किया कि अवैध रेत खनन में मंत्री के परिवार के लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जब वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो जिन वाहनों और JCB मशीनों से रेत उठाई जा रही थी, वे मंत्री के भाई दिनेश कश्यप की पत्नी (जो जिला पंचायत अध्यक्ष हैं) के नाम पर पंजीकृत पाई गईं। पंचायती राज अधिनियम के तहत किसी भी खनन कार्य के लिए ग्राम पंचायत की अनुमति अनिवार्य होती है, लेकिन नारंगी नदी के इस रेत खनन को न तो किसी प्रकार की स्वीकृति प्राप्त है और न ही यह लीज पर दिया गया है। इसके बावजूद खनन खुलेआम जारी है।

राज्य सरकार के निर्देशों की उड़ाई जा रही धज्जियां

पूर्व विधायक ने राज्य सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देती है, वहीं दूसरी ओर खुद जल संसाधन मंत्री के गांव में ही तस्करी हो रही है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। यह घटना प्रदेश में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। नारंगी नदी में रेत तस्करों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई, इस सवाल का जवाब देते हुए खनिज अधिकारी ने मीडिया को बताया, कि वो जब मौके पर पहुंचे, तो कोई गाड़ी नहीं मिली है। ग्रामीणों के सामने पंचनामा करके एसडीएम को सौंपा है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई