रायगढ़ में फिर पकड़ी गई अफीम की खेती, एक एकड़ में अवैध फसल; दो हिरासत में

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में भी अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई है। आमाघाट इलाके में नदी किनारे तरबूज और ककड़ी की फसलों के बीच करीब एक एकड़ में अफीम उगाई जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी, एडिशनल एसपी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने झारखंड के रहने वाले मार्शल सांगां समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रायगढ़ की रहने वाली सुषमा खलखो के पति द्वारा झारखंड से आकर यहां अफीम की खेती की जा रही थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रही छानबीन के दौरान यह मामला सामने आया है।
इससे पहले दुर्ग जिले में भी करीब पांच एकड़ में अफीम की खेती पकड़ी गई थी, जहां एक भाजपा नेता के खेत में अवैध फसल उगाई जा रही थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को निलंबित किया गया और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, बलरामपुर जिले में भी दो अलग-अलग स्थानों पर करीब तीन एकड़ जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई थी। जांच में सामने आया कि झारखंड के लोगों की मदद से किसानों को इस खेती के लिए तैयार किया गया था और बड़े स्तर पर अवैध उत्पादन किया जा रहा था।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रदेश में नशे के नेटवर्क और अवैध खेती को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, और अब पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।





