बस्तर: ऑपरेशन के दौरान जवानों की सोशल मीडिया पर एक्टिविटी से बढ़ा खतरा, IG ने दिए सख्त निर्देश

बस्तर। नक्सल ऑपरेशनों में लगे जवानों की सोशल मीडिया पर गतिविधियां अब पुलिस के लिए मुसीबत बन रही हैं। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के कई जवान ऑपरेशन के दौरान रील्स बनाते, ग्रुप फोटो खिंचवाते और वीडियो शूट करते नजर आ रहे हैं। इसी वजह से कई बार नक्सली पहले से पुलिस की रणनीति को समझ जाते हैं और इसका फायदा उठाते हैं।
आईजी बस्तर सुंदरराज पी ने माना कि जवानों की यह लापरवाही सुरक्षा में बड़ी सेंध है। उन्होंने साफ कहा है कि ऑपरेशन के दौरान वीडियो या फोटो बनाने वाले जवानों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर बंद किया जाएगा। साथ ही अगर कोई नियम तोड़ता है तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी।
आईजी ने बताया कि कुछ जवान मुठभेड़ के बीच ही वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं, जो पूरी टीम को खतरे में डाल सकता है। नक्सली भी लगातार अपनी तकनीकी और खुफिया नजर बनाए हुए हैं और पुलिस की हर गतिविधि पर ध्यान रखते हैं।
अब पुलिस मुख्यालय ने यह तय कर दिया है कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवानों को सख्त हिदायत दी गई है कि ड्यूटी के दौरान वीडियो, फोटो या कोई भी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें, ताकि ऑपरेशन की गोपनीयता बनी रहे और पूरी टीम सुरक्षित रहे।





