सिम्स अस्पताल में सफाई व्यवस्था बिगड़ी, मरीज गंदी चादरों पर इलाज को मजबूर

बिलासपुर: सिम्स अस्पताल में मरीजों को अब गंदी और खून से सनी चादरों पर इलाज करवाना पड़ रहा है। अस्पताल में हर दिन साफ चादर बिछाने की योजना थी, लेकिन यह अब पूरी तरह फेल हो चुकी है।

दरअसल, सिम्स की सेंट्रल लॉन्ड्री पिछले 15 दिनों से बंद है। ऐसे में अस्पताल की चादरों को सिर्फ पानी में भिगोकर, बिना साबुन के सुखाकर फिर से वार्डों में भेजा जा रहा है। मरीजों को तीन-तीन दिन तक एक ही गंदी चादर पर रहना पड़ रहा है। कुछ वार्डों में तो चादरें मिल ही नहीं रही हैं। मजबूर होकर कई मरीज अपने घर से चादरें मंगवा रहे हैं।

इस पूरे मामले पर सिम्स के अधीक्षक लखन सिंह ने कहा कि रोज़ साफ चादरें दी जा रही हैं और मशीन खराब होने के बाद भी हमारे पास इतना स्टॉक है कि एक हफ्ते तक काम चल जाए। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में साफ चादरें, तकिए और कवर देने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कहीं लापरवाही हो रही है, तो संबंधित प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा।

हालांकि, तस्वीरों और मरीजों की शिकायतें कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इस लापरवाही पर क्या सख्त कदम उठाता है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button