पति-पत्नी ने तीन बच्चों के साथ खाया जहर, मासूमों की मौत; दंपती अस्पताल में भर्ती

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चंदनपुर गांव (शांतिनगर, पीवी-70) में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने सामूहिक रूप से जहर खा लिया। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृत बच्चों की पहचान वर्षा बैरागी (11 वर्ष), दीप्ति बैरागी (7 वर्ष) और देवराज बैरागी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। वहीं, माता-पिता को पखांजूर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल, परिवार द्वारा इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव को इसकी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार पिछले कुछ समय से मानसिक और आर्थिक दबाव में था। इस सामूहिक आत्मघाती कदम ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।





