रिटायरमेंट के बाद कितना चाहिए पैसा? ₹30,000 महीने के खर्च पर जानिए पूरा गणित

हम सभी एक आरामदायक और सुरक्षित रिटायरमेंट का सपना देखते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आज का ₹30,000 महीने का खर्च 60 साल की उम्र में कितना बढ़ जाएगा? महंगाई की दर को ध्यान में रखते हुए यह राशि हैरान कर देने वाली हो सकती है। अगर आज आपकी उम्र 30 साल है, तो 6% महंगाई दर के अनुसार 60 की उम्र में यही खर्च बढ़कर करीब ₹1.72 लाख प्रति माह हो जाएगा।

अगर आपकी उम्र 25 साल है, तो आपके पास निवेश करने के लिए 35 साल हैं। इस स्थिति में वही ₹30,000 का खर्च 60 की उम्र में लगभग ₹2.3 लाख हो जाएगा। वहीं, अगर कोई व्यक्ति 40 साल की उम्र में रिटायरमेंट की योजना बनाना शुरू करता है, तो उसके पास सिर्फ 20 साल हैं। ऐसे में उसका मौजूदा ₹30,000 का खर्च 60 की उम्र में करीब ₹96,000 तक बढ़ जाएगा। जबकि 50 साल की उम्र में योजना शुरू करने वालों को 10 साल बाद वही खर्च ₹53,700 तक हो जाएगा।

महंगाई दर में सिर्फ 1% का बदलाव भी बड़ा फर्क ला सकता है। उदाहरण के लिए, अगर 6% की जगह महंगाई 7% हो जाए, तो ₹1.72 लाख की बजाय खर्च ₹2.28 लाख हो जाएगा। वहीं 8% महंगाई दर पर यही खर्च ₹3.02 लाख प्रति माह तक पहुंच सकता है। इसलिए रिटायरमेंट प्लानिंग करते समय महंगाई का सटीक अनुमान बेहद जरूरी है।

सबसे बड़ा बोझ उम्र बढ़ने के साथ आने वाले स्वास्थ्य खर्चों का होता है। डॉक्टर की फीस, दवाइयां और अस्पताल के बिल उम्र के साथ तेजी से बढ़ते हैं। ऐसे में एक मजबूत हेल्थ इंश्योरेंस और मेडिकल फंड बनाना बेहद जरूरी है।

वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि रिटायरमेंट की तैयारी जितनी जल्दी शुरू की जाए, उतना बेहतर है। शुरुआती वर्षों में थोड़ा जोखिम लेकर इक्विटी या म्यूचुअल फंड्स में निवेश करना लंबी अवधि में लाभदायक साबित हो सकता है। साथ ही, हर साल अपने निवेश की समीक्षा करना और उम्र बढ़ने के साथ सुरक्षित विकल्पों में शिफ्ट करना समझदारी भरा कदम है।

संक्षेप में, अगर आज आपका मासिक खर्च ₹30,000 है, तो आने वाले 30 सालों में उसी जीवनशैली को बनाए रखने के लिए आपको ₹1.7 से ₹2 लाख महीना चाहिए होगा। इसलिए जितनी जल्दी बचत और निवेश शुरू करेंगे, उतना ही सुरक्षित और निश्चिंत रहेगा आपका भविष्य।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई