खौफनाक वारदात, अज्ञात लोगों ने 53 वर्षीय व्यक्ति को लिव-इन पार्टनर के साथ जिंदा जलाया

दिल्ली। तमिलनाडु के तिरुवनमलाई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अज्ञात लोगों ने एक 53 वर्षीय व्यक्ति और उसकी लिव-इन पार्टनर को झोंपड़ी में बंद कर आग के हवाले कर दिया। इस भयावह वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान चेंगम के पास पक्कीरिपालयम गांव के निवासी किसान पी शक्तिवेल और उनकी 40 वर्षीय लिव-इन पार्टनर एस अमृतम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों झोंपड़ी में रह रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने झोंपड़ी में आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों जिंदा जल गए।
चेंगम थाने के इंस्पेक्टर एम सेल्वराज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पक्कीरिपालयम गांव में एक झोंपड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां झोंपड़ी के अंदर दो बुरी तरह जले शव मिले। शवों की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई। पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम मौके पर ही किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शक्तिवेल तीन साल पहले अपनी पत्नी एस तमिलारसी से अलग हो गए थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जो अब मां के साथ बेंगलुरु में रहते हैं। वहीं, अमृतम भी अपने पति से अलग रह रही थीं और उनके भी दो बेटे और एक बेटी हैं।
इंस्पेक्टर सेल्वराज ने बताया कि दोनों पिछले तीन वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस ने दो लोगों की संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, दोनों के पूर्व जीवनसाथियों समेत सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





