कर्नाटक में भीषण हादसा: परिवार से मिलने जा रहे लोकायुक्त इंस्पेक्टर की कार डिवाइडर से टकराई, आग में जलकर मौत

कर्नाटक के धारवाड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां लोकायुक्त इंस्पेक्टर पंचाक्षरी सलीमथ की कार डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। भीषण आग में इंस्पेक्टर की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के दौरान राहगीरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि कोई प्रयास सफल नहीं हो सका।
हादसा धारवाड़ जिले के अन्निगेरी शहर के बाहरी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर सलीमथ हावेरी से अपनी i20 कार में गडग स्थित अपने परिवार से मिलने जा रहे थे। रास्ते में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, जिसके तुरंत बाद उसमें आग भड़क उठी। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि कार लॉक हो जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इंस्पेक्टर की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता चल सके।
मृतक इंस्पेक्टर के परिवार में हादसे की खबर से मातम छा गया है। कुछ दिनों पहले भी कर्नाटक में एक बड़े अधिकारी की कार दुर्घटना में मौत हो चुकी थी, जिसके बाद लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।





