हिर्री पुलिस की बड़ी सफलता: 8 गुमशुदा लोग मिले, नशे और अपराध पर कस रहा शिकंजा

बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 गुमशुदा बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को सकुशल बरामद किया है। ये लोग कई दिनों से लापता थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार काम कर रही थी।
इसके साथ ही पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को भी तेज कर दिया है। गांव-गांव और स्कूलों में जाकर रैली निकाली जा रही है, जिससे लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके। इस अभियान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई शुरू की है। इस हफ्ते 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए हैं और आरोपियों की अवैध संपत्ति की जानकारी लेकर कुर्की की कार्रवाई तेज की गई है।
इसके अलावा, गुंडा और निगरानी बदमाशों की हर शनिवार और रविवार को थाने में हाजिरी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।





