हीर्री पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के हीर्री थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सरहदी जिले से आकर कच्ची महुआ शराब बेच रहे एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मेड़पार बाजार के पास मनियारी नदी पुल के नीचे अवैध शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही हीर्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी मनोज चतुर्वेदी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से प्लास्टिक बोरी में रखे 40 पन्नियों में भरे कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4000 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही मौके से 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं, जो पहले बेची गई शराब की राशि थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हीर्री थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में ऐसे कामों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





