दगौरी में भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन संपन्न, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

दगौरी। दगौरी मंडल के मंडल केंद्र दगौरी स्थित दुर्गा मंदिर मंच पर रविवार, 4 जनवरी को हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में दगौरी मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 10 गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक बंधु, माताएं और बहनें गरिमामय रूप से शामिल हुईं।
कार्यक्रम में पारंपरिक सुआ नृत्य, देशभक्ति से ओतप्रोत “देश रंगीला–रंगीला” नृत्य और भजनों की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित कर दिया। इस अवसर पर सभी 10 गांवों के मुखिया एवं 12 समाजों के प्रमुखों का समिति सदस्यों द्वारा तिलक लगाकर, केसरिया गमछा और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मेलन को मातृशक्ति की ओर से जनपद सदस्य रानी चक्रवर्ती ने संबोधित किया। अध्यक्षीय आशीर्वचन रुद्र शिव मंदिर तालागांव के प्रमुख पुजारी द्वारा दिया गया, जिन्होंने सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता के रूप में बिलासपुर नगर के नगर संघ चालक प्रदीप शर्मा ने हिंदू सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पंच परिवर्तन को अपने जीवन में अपनाने और समाज में व्यवहार के रूप में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में समरसता, परिवार में एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वभाषा, स्वभूषा, भजन, भोजन, भवन और भ्रमण जैसे विषयों पर जागरूक रहने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती में सभी उपस्थित जनसमूह ने सहभागिता की। आभार प्रदर्शन संयोजक घनश्याम कौशिक ने किया। इसके बाद सभी को भोग प्रसाद (खिचड़ी) का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप शर्मा, गिरी महाराज, घनश्याम कौशिक, बिलासपुर विभाग व्यवस्था प्रमुख आरएसएस दिलीप शर्मा, राजकुमार साहू, नरेंद्र सन्नाट, शेखर कौशिक, अमित कौशिक, देवेंद्र कौशिक, मथुरा भारद्वाज (सरपंच), रानी चक्रवर्ती, भीमा साहू, ध्रुव सन्नाट सहित बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और नागरिक उपस्थित रहे।





