हाईवा चोरी का खुलासा: कोतरारोड़ पुलिस ने 4 चोरों को किया गिरफ्तार, झारखंड से गाड़ी बरामद

रायगढ़। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में गोरखा गैरेज से चोरी हुई हाईवा गाड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस वाहन चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी गई हाईवा समेत करीब 6 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या था मामला?
13 अप्रैल 2025 को राजेन्द्र दुबे, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, पतरापाली ने कोतरारोड़ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 10 चक्के वाली हाईवा CG13 UF 1265, जो मरम्मत के लिए पटेल इंजीनियरिंग/राज गैरेज गोरखा में खड़ी थी, उसे 11 अप्रैल की सुबह अज्ञात चोर चुरा ले गए।
थाना कोतरारोड़ में मामले में धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मोह. सुफियान अहमद का नाम सामने आया। उससे पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने साथियों — मो. हसनैन (इलेक्ट्रीशियन), संदीप कुमार (ड्राइवर) और मो. शाहिद के साथ मिलकर यह चोरी की थी और गाड़ी को झारखंड में बेच दिया गया।
आरोपियों ने बताया कि हाईवा को झारखंड ले जाकर जावेद अंसारी (रांची निवासी) को 2 लाख रुपये में बेचा गया था, जिसमें इन्हें 1.60 लाख रुपये मिले थे। खर्च के बाद सिर्फ 6,450 रुपये बच पाए।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में बनी टीम ने रायगढ़ और झारखंड के लातेहार जिले से तीन आरोपियों को दबोचा। वहीं, झारखंड के एक यार्ड में रखी गई हाईवा गाड़ी भी बरामद कर ली गई। आरोपी जावेद अंसारी और उसका साथी मोह. मुमताज आलम अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पकड़े गए आरोपी
1. मो. हसनैन, 25 वर्ष – लातेहार, झारखंड
2. संदीप कुमार, 28 वर्ष – मोग्गा, पंजाब
3. मो. शाहिद अकरम, 24 वर्ष – लातेहार, झारखंड
4. मो. सुफियान अहमद, 22 वर्ष – हजारीबाग, झारखंड
इन आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा 111 BNS और चोरी की संपत्ति खरीदने पर 317, 3(5) BNS भी जोड़ी गई है।





