धमतरी बस स्टैंड में हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। शहर के नया बस स्टैंड इलाके में पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड के पास एक युवक प्लास्टिक झिल्ली में हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। आरोपी का नाम सोयम वाधवानी (19 वर्ष) है, जो नयापारा वार्ड, धोबी चौक, धमतरी का निवासी है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास प्लास्टिक झिल्ली में बंद 1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिला, जिसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जिनकी कीमत भी 10,000 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(A) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना के सब-इंस्पेक्टर हेंमत ध्रुव, आरक्षक डायमंड यादव, चंदर जमदार और मुकेश सिन्हा का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी यह नशे का कारोबार कब से कर रहा था और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस गिरफ्तारी को नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।





