कोलकाता में भारी बारिश से बाढ़, 5 की मौत; सड़कों पर 3 फीट तक पानी
मेट्रो सेवा प्रभावित, हावड़ा रेलवे ट्रैक डूबा

दिल्ली। कोलकाता और आसपास के इलाकों में सोमवार रात से हुई भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और अब तक 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेनियापुकुर, कालिकापुर, नेताजी नगर, गरियाहाट और इकबालपुर में अलग-अलग हादसों में लोगों की जान गई। बारिश के कारण सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है और कई मकानों व रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में पानी घुस गया है।
मेट्रो सेवा भी प्रभावित हुई है। शहीद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच ट्रेन संचालन रोकना पड़ा है। वहीं, कोलकाता मेट्रो रेलवे ने दक्षिणेश्वर से मैदान स्टेशन के बीच ट्रेनों की संख्या घटा दी है। हावड़ा में रेलवे ट्रैक और दुकानें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने कहा कि कोलकाता एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में देरी संभव है, इसलिए यात्री समय से पहले पहुंचें और फ्लाइट की स्थिति चेक करते रहें।
उधर, राजस्थान में पश्चिमी इलाकों से मानसून की विदाई हो गई है, हालांकि उदयपुर और प्रतापगढ़ में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा, केरल समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।कोलकाता में जलभराव से लोग घरों में कैद हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने चिंताएं बढ़ा दी हैं।





