बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर तेज बारिश से टपका पानी, रेलवे ने तुरंत किया सुधार

बिलासपुर। रविवार को हुई तेज बारिश ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को थोड़ी देर के लिए मुश्किल में डाल दिया। प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 पर शेड से पानी टपकने लगा, जिससे लोग सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। बारिश इतनी तेज थी कि शेड के नीचे खड़े लोग भी भीगने से नहीं बच पाए।
रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत सुधार के निर्देश दिए। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि कुछ पाइपलाइन और ड्रेनेज में तकनीकी दिक्कतें थीं, जिन्हें तुरंत दुरुस्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह समस्या अचानक हुई भारी बारिश के कारण हुई थी, लेकिन अब सब कुछ ठीक कर दिया गया है।
प्लेटफॉर्म से पानी हटाया गया
रेल प्रशासन के अनुसार, कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म पर पानी जमा हो गया था और शेड से रिसाव होने लगा था, लेकिन जल्द ही पानी की निकासी सुचारु कर दी गई। पुराने पाइपलाइन और ड्रेनेज की मरम्मत की जा रही है ताकि आगे कोई परेशानी न हो।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मॉनसून को ध्यान में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम तेज़ी से जारी है। स्टेशन की सफाई व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली को बेहतर बनाया जा रहा है ताकि यात्रियों को बारिश के दौरान कोई दिक्कत न हो।
यात्रियों को मिला भरोसा
रेलवे ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। स्टेशन पर विकास कार्य लगातार चल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में सुविधा और भी बेहतर होगी।





