छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, बलरामपुर में सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम परिवर्तन लगातार जारी है। प्रदेश के बलरामपुर जिले में मौसम विभाग के अधिकारियों ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, इन क्षेत्रों में चार दिन बाद अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 48 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी बारिश हुई है, जिसमें बलरामपुर सबसे अधिक प्रभावित रहा। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि यही स्थिति अगले 4–5 दिनों तक बनी रह सकती है। मध्य छत्तीसगढ़ में फिलहाल कम बारिश की संभावना है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो, 28 जुलाई तक औसत 603 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जो 2 अगस्त तक केवल 633 मिमी तक ही पहुंच पाई। इस अवधि में केवल 30.1 मिमी औसत वर्षा ही दर्ज हुई है। हालांकि, 3 अगस्त को थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
1 जून से 30 जुलाई तक कुल 623.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 12% अधिक है। जुलाई में 453.5 मिमी बारिश हुई, जो पिछले 10 वर्षों में सिर्फ दूसरी बार 400 मिमी से अधिक रही। प्रदेश में बलरामपुर जिले में अब तक सबसे अधिक 1005.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि बेमेतरा में सबसे कम 325.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।





