रतनपुर महामाया मंदिर में सप्तमी पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर मां महामाया मंदिर रतनपुर में हजारों पदयात्रियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। पदयात्रा और मंदिर परिसर में हुड़दंगियों पर ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ड्रोन और सीसीटीवी से हाईटेक सुरक्षा
रतनपुर थाना प्रभारी अंशिका जैन ने बताया कि नवरात्रि के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जाएगी। संदिग्ध वाहनों की जांच की जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और कई मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, जबकि नशे में वाहन चलाने वालों पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर कार्रवाई होगी।
पदयात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
पदयात्रियों के लिए पूरे मार्ग में पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, फिक्स प्वाइंट और क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को अलर्ट रखा गया है।
मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित दर्शन
मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, जिससे भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सके और व्यवस्था नियंत्रित बनी रहे।





