स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश

बिलासपुर:मंथन सभाकक्ष में आज एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें जिले के शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग के कामों की गहन समीक्षा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की।
कलेक्टर ने कहा कि हर नागरिक को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे इन क्षेत्रों में सुधार के लिए पुख्ता कदम उठाएं। इसके साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग और समाज कल्याण विभाग को भी कुपोषण रोकने और बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा जरूरतमंदों को आवश्यक सुविधाएं देने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक के दौरान जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी ने जानकारी दी कि मानसून की शुरुआत में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में कुछ जगहों पर उल्टी-दस्त की शिकायतें आ रही हैं, जो साफ-सफाई की कमी के कारण हो रही हैं। डॉ. तिवारी ने लोगों से अपील की कि वे साफ-सुथरा और घर में बना खाना ही खाएं, ताकि बीमारियों से बचाव हो सके।
स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी कर दिया है और सभी से सावधानी बरतने की अपील की है।





