HADSA: सेना के हेलीकॉप्टर से टकराया यात्रियों से भरा विमान, क्रैश के बाद नदी में गिरा; 18 शव मिले

वाशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक बड़ी दुर्घटना हुई। यहां अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान और अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर के बीच टक्कर हो गई। दोनों ही वाहनों के क्रैश होने के बाद वे पोटोमैक नदी में गिर गए। अब तक नदी से 18 शवों को निकाला जा चुका है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
दुर्घटना के समय विमान कंसास सिटी से वाशिंगटन जा रहा था। यह विमान कनाडा एयरलाइन का था और हेलीकॉप्टर अमेरिकी सेना का ब्लैकहॉक (H-60) था। टक्कर के बाद, विमान आग का गोला बनकर आसमान में गिरता हुआ दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो भी वायरल हो गए हैं, जिनमें विमान से निकलती चिंगारी साफ नजर आ रही है। हादसे के बाद रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस हादसे को लेकर ट्वीट किया, “हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं, फिलहाल हम बेहतरी की उम्मीद करते हैं।”
एयरलाइन कंपनी ने हादसे की पुष्टि की
विमान और हेलीकॉप्टर दोनों के क्रैश होने की जानकारी मिलने के बाद, एयरलाइन कंपनी ने पुष्टि की कि PSA द्वारा ऑपरेटेड अमेरिकन ईगल फ्लाइट 5342 विमान कंसास से वाशिंगटन आ रहा था, और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी सेना के अधिकारी ने भी दुर्घटना में उनके हेलीकॉप्टर के शामिल होने की पुष्टि की है। अमेरिकी सीनेटर टेड क्रूज ने भी इस घटना पर ट्वीट करते हुए कहा, “हमें यह जानकर दुख है कि कई मौतें हुई हैं,” लेकिन उन्होंने कितनी मौतें हुई हैं, इसका खुलासा नहीं किया। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है, और घटना के कारण रीगन एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोकी गई हैं।





