हिंदू नववर्ष पर निकली भव्य शोभायात्रा, शहरभर में हुआ स्वागत

बिलासपुर में हिंदू नववर्ष के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा पुलिस ग्राउंड से शुरू होकर अग्रसेन चौक, तारबहार चौक, शिव टॉकीज चौक, गांधी चौक, गोल बाजार होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे जोश और उत्साह के साथ नववर्ष का स्वागत किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जो भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को दर्शा रही थीं। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, शिव-पार्वती, हनुमान जी और अन्य देवी-देवताओं की सुंदर झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, गीत-संगीत और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति ने माहौल को और भी भव्य बना दिया।
शहरवासियों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया। कहीं फूलों की बारिश हुई तो कहीं आतिशबाजी से माहौल जगमगा उठा। लोग श्रद्धा और उमंग के साथ सड़कों पर खड़े होकर शोभायात्रा को देख रहे थे और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दे रहे थे।
इस विशाल आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने और शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की थी।
हर साल की तरह इस बार भी हिंदू नववर्ष को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश भी देता है।





