रायगढ़ में भव्य करियर मार्गदर्शन महोत्सव: ‘सुपर 30’ के आनंद कुमार देंगे सफलता का मंत्र, 10 हजार से अधिक छात्र होंगे शामिल

रायगढ़। युवाओं के भविष्य को दिशा देने और उनके कैरियर निर्माण में सहयोग के लिए राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण पहल कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के वित्त मंत्री और विधायक ओ.पी. चौधरी की विशेष पहल पर रायगढ़ जिले में 24 और 25 नवंबर को भव्य करियर मार्गदर्शन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सुपर 30 के संस्थापक और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित आनंद कुमार खुद मौजूद रहेंगे और युवाओं से सीधे संवाद कर सफलता का मंत्र साझा करेंगे।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पहला बड़ा सत्र 24 नवंबर को शाम 3.30 बजे रामलीला मैदान, रायगढ़ में होगा। इस कार्यक्रम में रायगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार और घरघोड़ा क्षेत्र के 93 स्कूलों और 17 महाविद्यालयों के लगभग 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने विशाल मंच, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, रोशनी, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की तैयारियां उच्च स्तर पर पूरी कर ली हैं।
दूसरा सत्र 25 नवंबर को सुबह 8.30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित होगा। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के छात्र तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें हिस्सा लेंगे। पुसौर में इस तरह का विशाल करियर गाइडेंस कार्यक्रम पहली बार हो रहा है, जिससे युवाओं में खासा उत्साह है।
इसके अलावा 25 नवंबर को शाम 3.30 बजे सरिया में भी करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा।
इन सभी आयोजनों में छात्र अपने सवाल सीधे आनंद कुमार से पूछ सकेंगे और कैरियर चयन, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
युवाओं के लिए यह कार्यक्रम सीख, प्रेरणा और अवसरों से भरपूर होने वाला है।





