कांग्रेस के ‘ग्रहण मंत्री’ बयान पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का पलटवार

रायपुर। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा ‘ग्रहण मंत्री’ कहे जाने पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसने क्या कहा, यह सब स्पष्ट है, लेकिन जिस स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह शब्दों की निम्नता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बयान देने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए।
विजय शर्मा ने कांग्रेस शासनकाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए विधायक देवेंद्र यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि टीचर्स डे के दिन एक शिक्षिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, तब वे कहां थे? पाटन विधानसभा क्षेत्र में जब सामूहिक हत्याएं हुई थीं, तब उन्होंने क्या किया? उस समय भी उन्हें चिंता करनी चाहिए थी।
इसके साथ ही गृह मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के जेल संबंधी बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति कहां करनी है और कहां नहीं, यह समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वही जेल और वही सेल है, जहां वे खुद भी रहे हैं। बाहर आने के बाद उन्होंने इस तरह की बातें नहीं कीं। जबरन किसी मुद्दे पर राजनीति करना कांग्रेस की आदत है।
दरअसल, राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल के पॉडकास्ट में चैतन्य बघेल ने दावा किया था कि उन्हें जेल में कीड़े वाला पानी दिया गया और कैदी इंजेक्शन लगाते थे। उन्होंने यह भी कहा था कि टॉयलेट के पास ही रहना पड़ता था। इस बयान के बाद से प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।





