गांधी जयंती पर राज्यपाल ने दिया स्वच्छता का संदेश

रायपुर। गांधी जयंती के मौके पर राज्यपाल रमेन डेका ने आज राजभवन परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा दिया। उन्होंने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान राजभवन के अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए और परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कर कचरा एकत्र कर उसका सही तरीके से निपटान किया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा स्वच्छता और सादगी को जीवन का अहम हिस्सा माना था। उनकी प्रेरणा से ही आज स्वच्छ भारत अभियान आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और कार्यस्थल को स्वच्छ रखें और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में सहयोग दें।





