सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान, राज्यपाल ने दिए 2 लाख रुपये

रायपुर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के मौके पर लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हमारे सैनिक बिना स्वार्थ देश की रक्षा करते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि के लिए राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी।
कार्यक्रम में शहीद सैनिकों की पत्नियों, माताओं और आश्रितों को सम्मान राशि और शॉल देकर सम्मानित किया गया। वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों और अधिक योगदान देने वाले दानदाताओं को भी सम्मान मिला।
राज्यपाल ने बताया कि झंडा दिवस निधि से करीब 27 कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मदद मिल रही है। उन्होंने शहीद परिवारों को नमन करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश पढ़ा गया।
झंडा दिवस में सबसे ज्यादा राशि एकत्र करने के लिए रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह को पहला और दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह को दूसरा पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड की ब्रोशर पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी के कैडेटों ने देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक और उनके परिवारजन मौजूद रहे।





