एआई की दौड़ में गूगल जेमिनी की तेज छलांग, ChatGPT का बाजार हिस्सा घटा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की प्रतिस्पर्धा में गूगल का एआई टूल जेमिनी तेजी से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। हालिया डेटा के मुताबिक, पिछले एक साल में जेमिनी ने वेब पर जेनरेटिव एआई ट्रैफिक में बड़ी बढ़त दर्ज की है, जबकि ChatGPT का बाजार हिस्सा घटा है। यह बदलाव दिखाता है कि एआई के इस्तेमाल का तरीका तेजी से बदल रहा है।
एनालिटिक्स फर्म के आंकड़ों के अनुसार, एक साल पहले तक गूगल जेमिनी का मार्केट शेयर महज 5.4 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 18.2 प्रतिशत हो गया है। यानी जेमिनी ने एक ही साल में तीन गुना से ज्यादा की ग्रोथ हासिल की है। वहीं, दूसरी ओर ChatGPT का मार्केट शेयर 87.2 प्रतिशत से घटकर करीब 68 प्रतिशत पर आ गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव किसी एक टूल पर निर्भरता खत्म होने और अलग-अलग एआई प्लेटफॉर्म अपनाने की प्रवृत्ति को दर्शाता है। उनका कहना है कि यूजर्स अब जरूरत के हिसाब से अलग-अलग एआई टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बाजार में संतुलन बदल रहा है।
जेमिनी की बढ़त के पीछे एक अहम वजह गूगल की रणनीति मानी जा रही है। गूगल ने अपने एआई टूल को चुपचाप उन प्रोडक्ट्स में शामिल कर दिया है, जिनका लोग रोजमर्रा में इस्तेमाल करते हैं। Chrome, Android, Google Search और Google Workspace जैसे टूल्स में जेमिनी की मौजूदगी ने यूजर्स को इसे लगातार इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया है।
टेक विशेषज्ञों का कहना है कि गूगल का यह कदम सिर्फ मुकाबले में बने रहने का नहीं, बल्कि एआई क्षेत्र में तेजी से आगे निकलने की रणनीति का हिस्सा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि एआई की इस रेस में बाकी कंपनियां किस तरह अपनी स्थिति मजबूत करती हैं।





