Gariaband Encounter: 16 नक्सली मारे गए, एसपी बोले 3 करोड़ से ज्यादा का था ईनाम

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हुई एक बड़ी मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए। यह ऑपरेशन करीब 80 घंटे तक चला और इस दौरान 3 करोड़ 16 लाख रुपये का इनाम घोषित नक्सलियों में शामिल थे। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी के सदस्य चलपति भी शामिल हैं, जिन पर अकेले 90 लाख रुपये का इनाम था।
यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ में किसी मुठभेड़ में सेंट्रल कमेटी का सदस्य मारा गया है। चलपति इस इलाके से तीन राज्यों में नक्सल गतिविधियों को नियंत्रित करता था। नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में करीब 400 जवानों ने हिस्सा लिया, जिसमें जिला पुलिस बल, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के जवान शामिल थे।
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों के कई हथियार भी बरामद किए गए, जिनमें AK47 और 17 ऑटोमैटिक राइफल शामिल हैं। ऑपरेशन में 20 से ज्यादा IED भी डिफ्यूज किए गए। हालांकि, कुछ शवों को नक्सलियों द्वारा ले जाने की संभावना जताई जा रही है। एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि मारे गए नक्सलियों की पहचान हो रही है। नक्सली यदि आत्मसमर्पण करते हैं तो उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।





