स्वच्छता में ‘नंबर 2’ बिलासपुर का बदसूरत सच, एसडीएम कार्यालय के पास कचरे का अंबार

बिलासपुर। स्वच्छता के मामले में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने वाला बिलासपुर अब अपनी ही प्रशासनिक व्यवस्था पर सवालों के घेरे में है। संभागीय मुख्यालय स्थित एसडीएम सह तहसील कार्यालय बिलासपुर के पास पिछले एक सप्ताह से कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्वच्छता के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।
कार्यालय के ठीक बगल में रखा डस्टबिन पूरी तरह भर चुका है और उसके आसपास सड़ता हुआ कचरा फैला हुआ है। रोजाना हजारों फरियादी और कर्मचारी यहां से गुजरते हैं, जिन्हें बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय के पास ही ऐसी स्थिति होने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जिम्मेदारों की अनदेखी पर सवाल
बताया जा रहा है कि एसडीएम और तहसील कार्यालय के पास मौजूद इस गंदगी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ दिन पहले कमिश्नर कार्यालय की ऑडिट टीम भी निरीक्षण के लिए पहुंची थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।
कलेक्टर ने दिए सुधार के निर्देश
मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
CGNN न्यूज़ ने उठाया मुद्दा
CGNN न्यूज़ ने स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है, ताकि प्रशासन की नींद टूटे और शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर हो सके। स्वच्छ भारत का सपना केवल पुरस्कारों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे यही इस खबर का उद्देश्य है।





