रायपुर के फार्महाउस में युवती से गैंगरेप, बर्थडे पार्टी के बहाने रची गई साजिश

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक फार्महाउस में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह वारदात धरसींवा थाना क्षेत्र के कुंरा गांव स्थित एक फार्महाउस में हुई, जहां आरोपियों ने युवती को जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बॉयफ्रेंड के दो दोस्तों ने उसे झांसे में लेकर फार्महाउस बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर युवती को पिला दी। नशे की हालत में दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसे जान से मारने और उसके रिश्तेदारों पर हमला करने की धमकी दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही धरसींवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी आशीष जोशी (निवासी तेलीबांधा) को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी रूपेन्द्र जोशी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और जांच तेजी से की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त सजा दी जाएगी।





