MP के कई शहरों में पाला पड़ने की आशंका, 24 जिलों में ठिठुराने वाली ठंड…

भोपाल : पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही बर्फीली हवाओं से दिन में भी सिहरन बढ़ गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बैतूल, नरसिंहपुर एवं सीधी में शीतल दिन रहा।

चार शहरों उमरिया, राजगढ़, रायसेन एवं पचमढ़ी में रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम रहा। शाजापुर, शहडोल, जबलपुर, सिवनी, सागर, पचमढ़ी, सीहोर, कटनी, नीमच में शीतलहर चली। इसके अलावा रायसेन में तीव्र शीत लहर रही।

कई शहरों में पाला पड़ने की भी आशंका

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, ठंड के तेवर और तीखे होने से कई शहरों में पाला पड़ने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। अंडमान में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है।

अच्छी बर्फबारी होने के साथ ही वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने के साथ ही वर्षा भी हुई है। इस वजह से वहां का तापमान काफी कम है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है।

दिन के समय हवा की रफ्तार भी 10 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक थी। इस वजह से शुक्रवार को धूप खिली होने के बाद भी वातावरण में सिहरन बनी रही। शनिवार-रविवार को ठंड के तेवर काफी तीखे होने की भी संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button