ऑपरेशन सिंदूर से सुदर्शन चक्र मिशन तक: लाल किले से पीएम मोदी के बड़े ऐलान

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से 12वीं बार तिरंगा फहराते हुए राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को आत्मनिर्भर भारत की बड़ी ताकत बताया और कहा कि हमारी सेना ने सैकड़ों किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकियों को नेस्तनाबूद किया, जिससे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया।
पीएम ने दो बड़े ऐलान किए: दिवाली पर जीएसटी रिफॉर्म से आम लोगों को टैक्स में राहत और आज से ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत, जिसके तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये दिए जाएंगे और कंपनियों को रोजगार सृजन पर प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ लॉन्च करने की घोषणा की, जो दुश्मन के हमलों को रोकने और जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम होगा। 2035 तक सभी अहम केंद्रों को तकनीकी सुरक्षा कवच देने का संकल्प लिया। पीएम ने नक्सलवाद के 20 जिलों तक सीमित होने, 2 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनने और स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी व क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रगति पर गर्व जताया।
मोदी ने युवाओं से इनोवेशन और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन, स्पेस स्टेशन और सेमीकंडक्टर चिप्स देश में ही तैयार होंगे। साथ ही मोटापे से बचाव, खेलों के विकास, महिलाओं की भागीदारी और घुसपैठ पर सख्त रुख की बात कही। अंत में उन्होंने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दोहराते हुए कहा—“परिश्रम में जो तपा है, वही इतिहास रचता है।”





