झीरम नक्सल कांड पर फिर सियासी घमासान, नड्डा के खिलाफ शिकायत, नार्को टेस्ट की मांग

रायपुर। झीरम नक्सल कांड को लेकर एक बार फिर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस मामले में नड्डा से पूछताछ की मांग की है।
विकास तिवारी ने जांजगीर थाने में दी गई शिकायत में कहा है कि 23 दिसंबर को जांजगीर में हुई एक जनसभा में जेपी नड्डा ने झीरम घाटी हत्याकांड को लेकर बड़ा बयान दिया था। नड्डा ने कहा था कि उन्हें झीरम घाटी की घटना की पूरी जानकारी है और इसमें कांग्रेस के लोग शामिल थे। तिवारी का कहना है कि अगर नड्डा को इतनी जानकारी है, तो उनसे पूछताछ होनी चाहिए।
इसके साथ ही विकास तिवारी ने झीरम घाटी न्यायिक जांच आयोग को पत्र लिखकर कई नेताओं का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री कवासी लखमा, जनता कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नाम शामिल है। तिवारी ने कहा कि वे खुद भी नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं।
तिवारी ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि झीरम कांड से जुड़े सबूत उनके पास हैं, जिन्हें वे न्यायिक जांच आयोग के सामने पेश करेंगे। ऐसे में सभी संबंधित नेताओं का नार्को टेस्ट कराकर सच्चाई सामने लाई जाए।
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि इससे झीरम कांड में शहीद हुए नेताओं के परिजनों और आम जनता को सच पता चलेगा और साजिश करने वालों पर कार्रवाई हो सकेगी।





