जालसाजों ने ई-कॉमर्स कंपनी के खाते से उड़ाए 1.40 करोड़ रुपये, होटल बुलाकर दिया धोखा

साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो शातिर जालसाजों ने ई-कॉमर्स कंपनी के बैंक खाते से 1.40 करोड़ रुपये की रकम उड़ा ली।

आरोप है कि निवेश के नाम पर कंपनी के प्रबंध निदेशक को होटल में बुलाया गया और उनका मोबाइल लेकर पूरी रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी गई। वारदात 4 अप्रैल 2025 की बताई जा रही है। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

दर्ज मुकदमे के अनुसार, कर्नाटक के मैल्संद्रा स्थित एनइएक्स ग्लोबल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुमन कुमार ने अपनी ई-कॉमर्स कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए एमएसएमई पोर्टल पर पंजीकरण कराया था। स्टार्टअप फंड की तलाश में थे, तभी 30 मार्च 2025 को अमन और अभय नाम के दो युवकों ने उनसे संपर्क किया और निवेश का प्रस्ताव दिया।

चार अप्रैल को दोनों ने निवेश प्रक्रिया पूरी करने के बहाने सुमन कुमार को कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक होटल में बुलाया। आरोप है कि दोनों ने भरोसा दिलाया कि उसी दिन से निवेश शुरू कर दिया जाएगा और पहले चरण में कंपनी के खाते में तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। बातचीत के दौरान एक आरोपी ने यह कहकर दोनों मोबाइल फोन ले लिए कि अनजान निवेशकों का डाटाबेस, प्रोफाइल और बैंक खाते की पुष्टि करनी है।

इसके बाद आरोपी तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर मोबाइल लेकर होटल से बाहर चला गया। रात करीब आठ बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो दूसरा आरोपी भी उसे देखकर आने की बात कहकर निकल गया। काफी देर इंतजार के बाद सुमन कुमार को ठगी का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत सिम और बैंक खाते फ्रीज कराए।

घर पहुंचकर जब कंपनी के खाते का स्टेटमेंट चेक किया गया तो पता चला कि खाते से 1,40,37,246 रुपये कई अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज कराया गया।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए गए हैं और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई