Fraud in the name of marriage: शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य इंदौर से गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दुर्ग के संतोष जैन को 17.50 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना चुका था। गिरोह की साजिश के तहत शादी संपन्न हुई, लेकिन बाद में दुल्हन फरार हो गई। इस मामले में पुलिस ने अब तक सात से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दुर्ग निवासी संतोष जैन से शादी के नाम पर 17 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई। शादी के बाद दुल्हन ने और पैसों की मांग की, जिसे संतोष ने ठुकरा दिया। इसके बाद दुल्हन विवाद करते हुए फरार हो गई। गिरोह का सदस्य संतोष शर्मा, जो शादी में नकली भाई बनकर शामिल हुआ था, पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर इंदौर से गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।





