रायगढ़ में डॉक्टर दंपति पर धोखाधड़ी का केस, डॉक्टर गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने बिलासपुर में पदस्थ डॉक्टर संजय बंजारे और उनकी पत्नी पल्लवी मिश्रा बंजारे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में डॉक्टर संजय को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनकी पत्नी की भूमिका की जांच जारी है।
रेलवे बंगालीपारा, रायगढ़ के चंदन सिंह ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2024 में उनकी मुलाकात डॉक्टर संजय और उनकी पत्नी से हुई थी। दोनों ने उन्हें रायपुर के मठपुरैना इलाके में 1250 वर्गफुट जमीन और उस पर बने मकान को 47 लाख रुपये में बेचने का वादा किया। चंदन ने इसके बदले 15 लाख 50 हजार रुपये नकद, ऑनलाइन और चेक से दे दिए।
डॉक्टर दंपति ने कहा था कि 4 महीने में जमीन की रजिस्ट्री हो जाएगी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न रजिस्ट्री हुई और न ही कोई ठोस जवाब मिला। इसी बीच चंदन को पता चला कि वही जमीन उन्होंने तीन और लोगों को भी बेच दी है। जब चंदन ने पैसे वापस मांगे तो डॉक्टर दंपति ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
27 अप्रैल 2025 को चंदन ने फिर पैसे मांगे तो डॉक्टर संजय ने उन्हें 15 लाख रुपये का चेक दिया। लेकिन जब चंदन ने 3 मई को वह चेक बैंक में जमा किया तो चेक बाउंस हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच की और डॉक्टर दंपति पर बीएनएस की धारा 3(5) और 318(4) के तहत केस दर्ज किया। फिलहाल डॉक्टर संजय को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया है और उनकी पत्नी की भूमिका की भी जांच चल रही है।





